गुड़िया - नज़्म

नील अहमदनील अहमद30 Mar 1988

1 min read · 12.4K reads

खिलौना तो नहीं हूँ मैं

ना मिट्टी का कोई बुत हूँ

कि जब तुम हाथ को मोड़ो नहीं होगी मुझे तकलीफ़

कि जब तुम आँख को फोड़ो तो चीख़ें भी न निकलेंगी

बिना सोचे

बिना देखे मिरी शादी किसी गुड्डे से कर दोगे

मिरे सर में किसी भी नाम का सिंदूर भर दोगे

मुझे मुझ से बिना पूछे मुझी से दूर कर दोगे

सुनो ये जान लो तुम भी

सुनो ये जान लो तुम भी

मुरव्वत छोड़ दी मैं ने

जिसे गुड़िया समझते थे

वो गुड़िया तोड़ दी मैं ने

नील अहमद
About the poet

नील अहमद

जन्म : 30 Mar 1988 | कराची, सिंध

View profile & all 28 Poems / Stories