कुरसी जो यहाँ तैयार हुई - नरेन्द्र जैन

नरेन्द्र जैननरेन्द्र जैन2 Sept 1948

3 min read · 12.4K reads

कुरसी
जब बनकर तैयार हुई
वह आया
याचक की मुद्रा में
और बैठ गया
तानाशाह बनकर

कुरसी
जब मशहूर हुई
बैठे-बैठे वहाँ
उसने कुछ हत्याएँ कीं

कुरसी
जब उसका चेहरा बन गई
उसने देखते ही
गोली मार देने का
हुकुम दिया

कुरसी से उतरना कटघरे में उतरना था

उसने बड़ी कुरसी से मन्त्रणा की
बड़ी कुरसी ने हिदायतें दीं
वह नीचे उतरा चेहरे पर एक उदारता लिए

लौटकर उसने प्रार्थना की
और बैठ गया फिर
एक तानाशाह बनकर ।
नरेन्द्र जैन
About the poet

नरेन्द्र जैन

View profile & all 34 Poems / Stories