ड्रायवर - नरेन्द्र जैन

नरेन्द्र जैननरेन्द्र जैन2 Sept 1948

5 min read · 12.4K reads

गिट्टी पर चलते हुए
पहुँचा मैं मालगाड़ी के इंजन के सामने
मालगाड़ी खड़ी थी देर से
इंजन में बैठा था ड्रायवर
मैंने कहा उससे
बचपन से आज तक विस्मय से देखता रहा हूँ
इंजन में बैठे ड्रायवर को
कार, बस, ट्रक, आटो और स्कूटर
चलाते देखे हैं मैंने लोग और
नहीं कर पाए वे प्रभावित
और, हमेशा विस्मय का पात्र रहा है
रेल के इंजन में बैठा ड्रायवर मेरे लिए
मिलती अगर रेल महकमें में नौकरी
मैं होता आख़िरी डिब्बे में बैठा गार्ड
या मालगाड़ी चलाता ड्रायवर
कितने ही क़स्बे और शहर रोज़
सामने से गुज़रते
कुछ हादसे भी ज़रूर पेश आते मेरे हिस्से

सीट पर बैठे ड्रायवर ने कहा मुझसे
तुममें जुनून है, तुम आओ और बैठो मेरे बगल में
और, देखो कैसे चलती है गाड़ी
मैं तो कुछ संकेत देता हूँ
वह तो अपने आप ही चलती रहती है
हाँ
अब पुराने दौर के इंजन नहीं रहे
नहीं तो तुम देखते कि
भर-भर कर अपने बेलचे में कोयला
एक शख़्स इंजन में झोंक रहा होता यहाँ
नरेन्द्र जैन
About the poet

नरेन्द्र जैन

View profile & all 34 Poems / Stories