कोहरा है मैदान में - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

कोहरा है मैदान में
उड़कर आये इधर कबूतर
बैठे रोशनदान में

रहे खोजते वे सूरज को
सुबह-सुबह
पाला लटका हुआ पेड़ से
जगह-जगह

कोहरा है मैदान में
दिन चुस्की ले रहा चाय की
नुक्कड़ की दूकान में

आग तापते कुछ साये
दिख रहे उधर
घने धुंध में, लगता
तैर रहे हैं घर

कोहरा है मैदान में
एक-एक कर टपक रहे
चंपा के पत्ते लॉन में

कोहरे में सब कुछ
तिलिस्म-सा लगता है
पिंजरे में तोता भी
सोता-जगता है

कोहरा है मैदान में
डूबी हैं सारी आकृतियाँ
जैसे गहरे ध्यान में
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories