दस्तकें हैं दे रहीं भीगी हवाएँ - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

द्वार खोलो
दस्तकें हैं दे रहीं भीगी हवाएँ

अभी जो बौछार आई
लिख गई वह मेह-पाती
उधर देखो कौंध बिजुरी की
हुई आकाश-बाती

दमक में उसकी
छिपी हैं किसी बिछुड़न की व्यथाएँ

नागचंपा हँस रहा है
खूब जी भर वह नहाया
किसी मछुए ने उमगकर
रागबरखा अभी गाया

घाट पर बैठा
भिखारी दे रहा सबको दुआएँ

पाँत बगुलों की
अभी जो गई उड़कर
उसे दिखता दूर से
जलभरा पोखर

उसी पोखर में
नहाकर आईं हैं सारी दिशाएँ
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories