और नपुंसक हुई हवाएं - कुमार रवींद्र

कुमार रवींद्रकुमार रवींद्र10 Sept 1940 – 1 Sept 2019

3 min read · 12.4K reads

और नपुंसक हुई हवाएँ
चलती हैं, बदलाव नहीं लातीं।

अंधे गलियारों में फिरतीं
खूब गूँजती हैं,
किसी अपाहिज हुए देव को
वहीं पूजती हैं,
पगडंडी पर
राजमहल के मंत्र बावरे अब भी ये गातीं।

फ़र्क नहीं पड़ता है कोई
इनके आने से,
बाज़ नहीं आते राजा
झुनझुना बजाने से,
नाजुक कलियाँ
महलसरा में हैं कुचली जातीं।

जंगली और हवाओं का
रिश्ता भी टूट चुका,
झंडा पुरखों के देवालय का है
रात फुंका,
राख उसी की
बस्ती भर में अब ये बरसातीं।
कुमार रवींद्र
About the poet

कुमार रवींद्र

View profile & all 115 Poems / Stories