रावणरंगी - कुमार मुकुल

कुमार मुकुलकुमार मुकुल2 Sept 1966

7 min read · 12.4K reads

हुसैन साहब
पहले तो आपने देश छोडा
फिर छोड दी दुनिया
पर वे
जो हनुमान का मुखौटा लगाए
घूम रहे इस देश में
वे रावणरंगी
अमर हुए जा रहे
या कि पत्थर हुए जा रहे
राह के पत्थर ... रोडे बस...

परसो की ही तो बात है
वेलेंटाइन के नाम पर भोपाल में
उन्हों ने दौडा मारा दो बहनों को
अपने अपने राम की अराधना में लगी थीं वे
कि पड गयीं हत्यारों की सनक में
और आ गयीं बस के नीचे
चली गयीं रामजी के पास

इन रावणरंगियों का
एक ही काम है इस मुल्क में
लोंगों को रामजी के पास पहुंचाना
खुद तो वे जा नहीं सकते कहीं
अमर जड पत्थर जो हो गए हैं वे
राह के...
तुम तो मलेच्छ थे उनके लिए
पर वे तो समानधर्मा थीं...

याद करो ब्रेख्त् को ...
पहले वे यहूदियों के लिए आए...

सीता की रसोई उजाड कर
राम की प्राण-प्रतिष्ठा चाहने वाले
इन रावणरंगियों को
क्या पता
कि राम की भी पहले निगाहें मिलीं थीं सीता से
फिर धनुष तोडने को प्रवृत हुए थे वो
पहले व्याह लाए थे सीता को
फिर सूचित किया था परिजनों को
पांडवों ने भी ऐसा ही किया था
किस परंपरा में
किस मर्यादापुरूषोत्तम ने
मां-बाप की मर्यादा रखी है
राह-परंपरा छोड चलने वाले
शायर सिंह सपूतों को ही
इस मुल्क की जनता ने
चढाया है सिर
इन अमर जड पत्थरों को
छोड दिया है
राह की ठोकरों में पलने के लिए...।
कुमार मुकुल
About the poet

कुमार मुकुल

View profile & all 131 Poems / Stories