सुनो - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

5 min read · 12.4K reads

हम भूगोल के दो मुहाने हैं इस वक्त
हमारे बीच थोड़ी-सी धरती है थोड़ा इंतजार
इतिहास का ढेर सारा पुरा-प्रेम थोड़ा-सा आकाश
थोड़ी-सी हवा है बहुत-सी परतोंवाली
अभी हमें फलों-सा धैर्य धरना है
और परिपक्व हो टपक जाना है एक दूसरे की झोली में
जैसे सीप में टपकता है स्वाति
 
हमारे पास अपना रस है अपना खनिज
इसी के बल हमें चढ़ने हैं आकांक्षाओं के शिखर
जैसे पहाड़ चढ़ती चीटियाँ दीखती नहीं
कई बार बिलकुल ऐसे ही चुपचाप
अन्तःसलिला की तरह देखकर सही जमीन फूट पड़ना है
 
हम पुच्छल तारे नहीं जो अपनी अल्पजीवी नियति भर
चमक कर बुझ जाते हैं
हमें सिरिजनी है
एक दूसरे के अँधेरों से प्रकाश की नई संतति
जैसे संलग्न हैं बहुत से लोग इस अँधेरे समय में भी बिलकुल चुपचाप
 
वैसे सुनो
अभी लेटा हूँ जब पेट के बल
महसूस हो रहा है बिलकुल स्पष्ट
कि धरती एक स्त्री है कामिनी।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like