क़तरा-क़तरा कुछ - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

4 min read · 12.4K reads

छत से यह छिपकली मेरी देह पर ही गिरेगी
बदलता हूँ लिजलिजी हड़बड़ाहट में अपनी जगह

एक पिल्ला कुँकुआता है और मेरी नींद सहमकर
दुबक जाती है बल्ब के पीछे अँधेरी गुफ़ा में

यह मच्छर जो इत्मीनान से चूस रहा है मेरा ख़ून डेंगू तो नहीं दे रहा
(कैसे ख़रीद पाऊँगा महँगा इलाज)

लगता है कोई है जो खड़का रहा है साँकल

अगर
दिनभर की कमाई 26 रुपये 45 पैसे गए
तो मेरे कान में बोलेगा
अपनी खरखराती सरकारी आवाज़ में उत्पल दत्त-
-“ग़रीब!”
उसकी अमीर कुटिलता
बर्दाश्त करने की निरुपाय निर्लज्जता कहाँ से लाऊँगा

ये क्यों बज रहा है पुलिस-सायरन
मेरी ही गली में बार-बार
ठीक ही किया
जो पिछवाड़े का बल्ब जलता भूल गया
(इस बार तो कट कर ही रहेगा बिजली का कनेक्शन, तय है)

तरा-क़तरा कुछ
मुझमें भरता समुद्र हुआ जा रहा है ।
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories