मैं एक शब्द लिखता हूँ - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

7 min read · 12.4K reads

मैं एक शब्द लिखता हूँ ऐन उसके पहले
वे तय कर देते हैं उसका अर्थ
कई बार तो मेरे सोचने से भी पूर्व
 
वे खींच देते हैं दो पंक्तियाँ
और कहते हैं
उतार लो इनमें आज का पाठ
सुलेख लिखो सुंदर और कोमल लिखो अपने दुख
 
हमारे संताप रिसते हैं निब के चीरे से
कागज की छाती पर कलंकित
 
अचानक प्रतिपक्ष तय करती एक स्वाभाविक दुर्घटना घटती है
कि स्याही उँगलियों का पाते ही साथ
पसर जाती है
 
माँ का आँसू अटक जाता है
पिता की हिचकियाँ बढ़ जाती हैं
बहनें सहमकर घूँट लेती हैं विलाप
भाई एक धाँय से पहले ही होने लगते हैं मूर्च्छित
 
आशंकाओं के आपातकाल में
निरी भावुकता ठहराने की जुगत में जुट जाते हैं सभी
कि माफ करें बख्शें हुजूर क्षमा करें गलती हुई
 
पर वे ताने रहते हैं कमान-सी त्यौरियाँ
 
फिलहाल मेरे हाल पर फैसला
एक सटोरिया संघसेवक पर मुल्तवी करता है
जबकि उस जाति में पैदाइश से अधिक नहीं मेरा अपराध
जिस बिरादरी का ‘सर’ बना फिरता है वह
 
मसलन,
यह नागरिकता के सामान्यीकरण का दौर है
यह स्वतंत्रता के सामान्यीकरण का दौर है
यह अभिव्यक्ति के सामान्यीकरण का दौर है
यह ऐसा दौर है जब
जीवन का अर्थ कारसेवा घोषित किया जा रहा
 
मैं एक शब्द लिखता हूँ
और जिंदा रहने की नागरिक कवायद में
जीता हूँ मृत्यु का पश्चात्ताप संगसार होता हूँ बार-बार
 
और मैं एक और शब्द लिखता हूँ...
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories