लोककथा - कुमार अनुपम

कुमार अनुपमकुमार अनुपम7 Sept 1979

8 min read · 12.4K reads

समझने की बात थी
सुनाने को कहानी
जिसमें एक राजा था
और थी
एक गँवार स्त्री
 
राजा था प्रेम में
यही कहा राजा ने
मित्रों से मंत्री से
कहा यही सब से
 
स्त्री थी प्रेम में
यही कहा स्त्री ने
नदी से जंगल से
पर्वत से हवा से
 
दोनों थे प्रेम में
बात बड़ी सीधी थी सादी थी
कानोंकान फैल गई तन गई
और बात टूट गई
 
मित्र बहुत खुश थे
मंत्री बहुत खुश थे
और सब खुश थे करके प्रतिकार -
अच्छा हुआ बच गई महल की गरिमा
कुलीनता का अधिकार
 
नदी बहुत खुश थी
कि रहेगी मयस्सर
उसे अल्हड़ चाल
 
जंगल बहुत खुश थे
कि बँधेंगे फिर फिर
आजाद बाँहों में
 
पर्वत बहुत खुश थे
कि सुनेंगे जबतब
कस्तूरी छमक
 
हवा बहुत खुश थी
कि होगी अब भी साथ
गँवार खुशबूदार वो खिलखिल की खिलखिल
 
बीत गए साल
कई साल
न तो निराश था राजा
न ही गँवार स्त्री
क्योंकि प्रेम था बीचोबीच
 
और हुआ ऐसा
 
किसी से कह गया राजा
- गाती है गँवार स्त्री
    नदी के साथ-साथ अब भी
 
बाप हो गया राजा
- गाती है गँवार स्त्री
    जंगल के साथ-साथ अब भी
 
वृद्ध हो गया राजा
- गाती है गँवार स्त्री
    पर्वत के साथ-साथ अब भी
 
हवा हो गया राजा
- गाती है गँवार स्त्री
    हवा के साथ-साथ अब भी...
 
(ऐसी मनभावन प्रेमकथाएँ असंख्य
स्वयंसिद्ध किसी आदर्श पारस्परिकता से
धमकाती रहती हैं
बावजूद इसके
प्रेम करनेवाले
प्रेम करते रहते हैं
सुधारते हुए ऐसी लोककथाओं का अंत।)
कुमार अनुपम
About the poet

कुमार अनुपम

View profile & all 104 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like