यादों को धूप दिखाओ - क्रांति

क्रांतिक्रांति5 Sept 1954

4 min read · 12.4K reads

यादों को धूप दिखाओ कि
सर्द तन्हाई का मौसम है।
धीरे-धीरे
एक-एक याद की पर्त खोलो,
गर्द झाड़ो,
कोई याद बिसर न जाए ध्यान रहे,
कोई याद बिखर न जाए भान रहे,
कोई याद टूट न जाए कहीं,
कोई याद फूट न जाए कहीं,
कोई याद रूठ न जाए कहीं,
कोई याद छूट न जाए कहीं।

हर याद हथेली पर रखो--
वह छोटी हो या बड़ी,
मीठी हो या कड़वी ,
उजली हो या काली_
उसकी वज़ह से
ख़ुशी कि कोई रात मिली हो,
या बिना वज़ह मात मिली हो,
वह कोई भयावह सपना हो
या कि डर अपना हो

जिसकी याद इतनी पुरानी कि
जैसे पिछले जनम से
साथ चली आ रही हो
और अब यह डर कि
मर कर भी साथ रहेगी जैसे।

वे अब जैसी भी हैं सारी यादें
ज़रा सूरज तो दिखाओ उन्हें कि
सर्द तन्हाई का मौसम है।
क्रांति
About the poet

क्रांति

View profile & all 13 Poems / Stories