एक सूनी यात्रा (कविता) - केशव

केशवकेशव8 Sept 1949

4 min read · 12.4K reads

मैं तो सिर्फ यहां के बारे में जानता हूँ
जहाँ होता नहीं
किसी को किसी से प्यार
केवल चलते हैं पाँव
एक दीवार से दूसरी दीवार तक

मैं कहीं और की बात क्यों करूँ
यहां जो होता है भ्रम का विस्तार
वृक्श के नीचे लेटे-लेटे
फल टपकने का रहता है इंतजार
दिन गुज़र जाते हैं
अकेली चिड़िया की तरह सुरंग से

पहियों के नीचे
दब जाता है आकाश

लोग पीते रहते हैं चाय
बदलते रहते लिबास

दफ्तरनुमा घरों में
काले साँप की तरह
रेंगता रहता है अकेलापन
और धनुष की डोरी की मानिंद
खिंचे रहते हैं लोग
मैं दबे पाँव
निकल पड़ता हूँ
एक सूनी यात्रा पर
जहाँ दिन चढ़ते ही
गहराने लगता है झींगुरों का शोर
कागजों के ढेर पर बैठा
ऊँघता है देश.
केशव
About the poet

केशव

View profile & all 10 Poems / Stories