प्यासा कौआ - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

4 min read · 12.4K reads

कौआ था एक काला काना
लेकिन था वो बड़ा सयाना
घर-घर टुकड़े चुगता था वो
चोरी कभी न करता था वो ।

एक दिन उसको प्यास सताई
पानी कहीं न दिया दिखाई
तब प्यासा कौआ घबराया
नीचे उतर भूमि पर आया ।

वहाँ खेत में एक घड़ा था
पर उसमें पानी थोड़ा था
उसने पूरा ज़ोर लगाया
पर पानी तक पहुँच न पाया ।

पास में थे कुछ कंकड़-पत्थर
उसकी नज़र गई अब उन पर
लाया एक-एक चुन-चुनकर
डाला उन्हें घड़े के भीतर ।

तब पानी कुछ ऊपर आया
कौवे ने कुछ साहस पाया
घण्टों-घण्टों लगा रहा वो
अपनी धुन में पगा रहा वो ।

आख़िर पानी ऊपर आया
उसने मेहनत का फल पाया
पानी पीकर प्यास बुझाई
फिर पंखों में ताक़त आई ।

जो धुन के पक्के होते हैं
वो हर बार सफल होते हैं ।।

1967
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories