न जाने क्या हुआ उसको क़लम कर दी ज़बां मेरी - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

6 min read · 12.4K reads

न जाने क्या हुआ उसको क़लम कर दी ज़बां मेरी ।
उसे भी ख़ामुशी साबित हुई राहतरसां मेरी ।।

मिटा दे तूतियों को अंजुमों को आबशारों को
वगरना लाज़िमी सुनना पड़ेगी दास्तां मेरी ।

ज़मीं के ज़र्रे-ज़र्रे में नुमायां है मेरा जौहर
मैं खुद हैरान हूँ इस दरजा क़ूवत थी कहाँ मेरी ।

गुलों में बुलबुलों में कोह में मौजों में दरिया में
ग़रज़ हर शै में है पिन्हां हयाते-जावेदां मेरी ।

यहाँ शम्सो-क़मर शामो-सहर रक़्सां हैं हर लम्हा
किसी को चैन लेने ही नहीं देती फुग़ां मेरी ।

वो शबनम हो कि गुल हो याकि बुलबुल का तरन्नुम हो
चमन में कौन सी शै है नहीं जो राज़दां मेरी ।

समुन्दर पर इजारा करनेवालों ये भी देखा है
मुसलसल रेत के दरिया में है कश्ती रवां मेरी ।

मुझे इस हाल में करके तुम्हें कुछ तो हिजाब आया
तुम्हें मलबूस आखिर दे गईं उरियानियां मेरी ।

मेरी शीरींज़बानी से भी होती है खलिश तुमको
अभी देखी कहाँ है तल्ख़िये-तर्ज़े-बयां मेरी ।

समझ पाओ कभी जो सोज़ को नादिम न हो जाना
क़लम से अर्ज़ करने में भी कटती थी ज़बां मेरी ।।

12 अप्रैल 1987
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories