मैंने तुझको रोम-रोम से सौ-सौ बार पुकारा - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

4 min read · 12.4K reads

मैंने तुझको रोम-रोम से सौ-सौ बार पुकारा ।
तुझको रूककर देना मेरा साथ हुआ न गवारा।।

तुझको था ये इल्म कि तू बिन मेरे ख़ुश रह लेगा
मुझको था मालूम कि तुझबिन मेरा नहीं गुज़ारा ।

सूखा पत्ता टूटा तारा और कमल मुरझाया
मैं नादां था नियति नटी का समझा नहीं इशारा ।

अब तो यूँ लगता है जो होना है हो जाने दो
कोहरे में डूबा रहने दो मेरा भाग्य-सितारा ।

बस छोटा सा एक गिला है तुझसे कर लेने दे
तूने सोचा नहीं कि तुझबिन मेरा कौन सहारा ।

तू क्या बिछड़ा बिछड़ गए जीने के अरमां सारे
रंजो-आलम का अब मेरे जीवन पर हुआ इजारा ।

प्यासी धरती चीख़ रही थी कहकर मेघा-मेघा
फिर भी तुझको नज़र न आया सोज़ बिरह का मारा ।।

1-2-2016
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories