लाल है परचम नीचे हँसिया ऊपर सधा हथौड़ा है - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

5 min read · 12.4K reads

लाल है परचम नीचे हँसिया ऊपर सधा हथौड़ा है ।
इस परचम की ख़ातिर साथी जान भी दें तो थोड़ा है ।।

आधी दुनिया है उजियारी आधी में अँधियारा है
आधी में जगमग दीवाली आधी में दीवाला है
जहाँ-जहाँ शोषण है बाक़ी वहाँ लड़ाई जारी है
पूरी दुनिया में झण्डा फहराने की तैयारी है
जिसने हमें ज़माने भर के मज़दूरों से जोड़ा है ।
इस परचम की ख़ातिर साथी जान भी दें तो थोड़ा है ।।

हमने अपने ख़ून से रंगकर ये परचम लहराया है
इसकी ही किरनों से छनकर लाल सवेरा आया है
लाखों हिटलर लाखों चर्चिल लाखों निक्सन हार गए
सौ-सौ जेट लड़ाकू सारे एटम बम बेकार गए
हिन्दचीन से हमलावर का नाम मिटाकर छोड़ा है ।
इस परचम की ख़ातिर साथी जान भी दें तो थोड़ा है ।।

दहकानों की मीत दराँती फ़सल काटकर घर लाए
मज़दूरों का यार हथौड़ा दुश्मन जिससे थर्राए
जब इस झण्डे के नीचे धरती के बेटे आते हैं
मज़दूरों के चौड़े सीने फ़ौलादी बन जाते हैं
क़दम मिलाकर साथ चलें दुश्मन ने मैदान छोड़ा है ।
इस परचम की ख़ातिर साथी जान भी दें तो थोड़ा है ।।

रचनाकाल : मार्च 1978
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories