जाग उठा मज़दूर रे साथी जाग उठा मज़दूर - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

3 min read · 12.4K reads

जाग उठा मज़दूर रे साथी जाग उठा मज़दूर
झूटी बात यक़ीन न करना नहीं है मंज़िल दूर
रे साथी जाग उठा मज़दूर ।।

परबत जैसे पुट्ठे इसके हाथ पेड़ छतनार
मन में एक नई दुनिया के सपने लिए हज़ार
फ़ौलादी सीने में इसके ताक़त है भरपूर
रे साथी जाग उठा मज़दूर ।।

एक आँख में सुधा भरी है दूजे में अंगार
एक हाथ से सिरजन करता दूजे से संहार
हिंसक पशु भी थर-थर काँपे यह ऐसा रणशूर
रे साथी जाग उठा मज़दूर ।।

गोली खाकर शेर दहाड़े साँप भरे फुँकार
बाघ पलटकर हल्ला बोले गज उट्ठे चिंघार
इस मर्दाने से टकराकर गोली चकनाचूर
रे साथी जाग उठा मज़दूर ।।

रचनाकाल : मार्च 1982
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories