एक बार जीवन में आप गर वफ़ा करते - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

3 min read · 12.4K reads

एक बार जीवन में आप गर वफ़ा करते ।
शर्तिया हुज़ूर अपने हाल पर हँसा करते ।।

काश हाले-दिल होता दास्ताने-जांबाज़ी
शौक़ से जिसे शायद आप भी सुना करते ।

आपके लिए यूूँ तो कुफ़्र था वफ़ा करना
ज़ायका बदलने को एक मर्तबा करते ।

जानते थे हम दिल में हमपे जो गुज़रना था
आपका तो पेशा था आप तो दवा करते ।

राहते-ग़मे-जां थी हर मरज़ का दरमां थी
मौत ख़ूब थी माना ज़िन्दगी का क्या करते ।

हम कहाँ के दाना थे ठेठ आशिक़ाना थे
ऐसे गावदी कब थे आपसे गिला करते ।

ज़िन्दगी ने वैसे तो कुछ कमी नहीं रक्खी
सोज़ आप किस मुँह से मौत की दुआ करते ।।
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories