बाज़ार में क़त्लो-ग़ारत का सामान रहा और ख़ूब रहा - कांतिमोहन सोज़

kaantimohan sozकांतिमोहन सोज़14 Jul 1936

5 min read · 12.4K reads

मेरठ के फिरक़ावाराना फ़साद के पसमंज़र में

बाज़ार में क़त्लो-ग़ारत का सामान रहा और ख़ूब रहा ।
हर शख़्स के पहलू में उसका भगवान रहा और ख़ूब रहा ।।

इंसान का लेकर नाम वहां ख़ूंख़्वार दरिन्दे लड़ते थे
बस्ती का वो जंगल देर तलक गुंजान रहा और ख़ूब रहा ।

सुनते थे कि है इंसाफ़ यहाँ सुनते थे कि है इंसाफ़ वहाँ
इस जिंस का मिट जाना कितना आसान रहा और ख़ूब रहा ।

इंसां के लहू से इंसां ने क़श्क़ा खेंचा पेशानी पर
यूं आपसी भाईचारे का एलान रहा और ख़ूब रहा ।

उस रात नगर की हर झुग्गी शोलों से चराग़ां होती थी
महफ़ूज़ मगर ज़रदारों का एवान रहा और ख़ूब रहा ।

दोनों में तआवुन है कोई नाचीज़ का ये दावा तो नहीं
कुछ रोज़ खुदाई का मालिक शैतान रहा और ख़ूब रहा ।

बाज़ू में ज़रा क़ूवत भी न थी आवाज़ में कुछ ताक़त भी न थी
पर सोज़ का दिल एक अरसे तक हलकान रहा और ख़ूब रहा ।।

1 अगस्त 1987
kaantimohan soz
About the poet

kaantimohan soz कांतिमोहन सोज़

कांतिमोहन सोज़ हिंदी भाषा के एक सुप्रसिद्ध लेखक। Kantimohan Soz is a well-known writer of Hindi language.

View profile & all 147 Poems / Stories