‌वर्षा ऋतु - कन्हैयालाल मत्त

कन्हैयालाल मत्तकन्हैयालाल मत्त18 Sept 1911

3 min read · 12.4K reads

काग़ज़ की नाव चली
नगर-नगर, डगर-डगर !

सपनों की झील बनी
बरसाती पानी में
एक गीत और जुड़ा
मौसमी कहानी में
परियों के श्वेत पँख
साहस से फूल गए
आशा की डोरी पर
छन्द नए झूल गए

मस्तूलों को उभार
पाल हुए जगर-मगर !

आए कुछ व्यापारी
सुख-दुख का ले लदान
आंखों में डूब गई
मनुहारों की थकान
केवट की लाचारी
मोल-तोल भाँप गई
अनुभव की वैतरणी
सागर को माप गई

कूलों पर ठिठक रहे
अनबूझे अगर-मगर !
कन्हैयालाल मत्त
About the poet

कन्हैयालाल मत्त

View profile & all 27 Poems / Stories