गरीब मां की लोरी - कन्हैयालाल मत्त

कन्हैयालाल मत्तकन्हैयालाल मत्त18 Sept 1911

3 min read · 12.4K reads

सो जा भैया, सो जा बीर!
चाहे हंसता-हंसता सो जा,
चाहे रोता-रोता सो जा,
सो जा लेकर मेरी पीर!
सो जा भैया, सो जा बीर!
जो तू भूखा है, तो सो जा,
जाड़ा लगता है, तो सो जा,
कैसे तुझे बंधाऊं धीर!
सो जा भैया, सो जा बीर!
लाऊं तुझको दूध कहां से?
गद्दे-तकिए मिलें कहां से?
मिलता नहीं फटा भी चीर!
सो जा भैया, सो जा बीर!
भगवान, मेरा दुःख बंटाओ,
जल्दी आकर इसे सुलाओ,
पड़ी द्रौपदी की-सी भीर!
सो जा भैया, सो जा बीर!
कन्हैयालाल मत्त
About the poet

कन्हैयालाल मत्त

View profile & all 27 Poems / Stories