सच कहता हूँ मैं - कैलाश गौतम

कैलाश गौतमकैलाश गौतम8 Sept 1944 – 9 Sept 2006

3 min read · 12.4K reads

तुमने छुआ, जगा मन मेरा
सच कहता हूँ मैं
मेरा तो अब हुआ सबेरा
सच कहता हूँ मैं ।

काया पलट गई मेरी
दिनचर्या बदल गई
जैसे कोई फाँस फँसी थी
ख़ुद ही निकल गई
ख़ूब मिला तू रैन-बसेरा
सच कहता हूँ मैं ।

सारी उलझन सुलझ गई है
तेरे दर्शन से
मेरे मन में समा गया तू
मन के दर्पण से

मैं हूँ तेरा साँप-सँपेरा
सच कहता हूँ मैं
आधा-तीहा नहीं रहा मैं
पूरमपूर हुआ
जैसा बाहर वैसा भीतर
मैं भरपूर हुआ
हुई रोशनी, छँटा अँधेरा
सच कहता हूँ मैं ।
कैलाश गौतम
About the poet

कैलाश गौतम

View profile & all 53 Poems / Stories