यह मिट्टी पुण्य स्वरूपा है - जया पाठक श्रीनिवासन

जया पाठक श्रीनिवासनजया पाठक श्रीनिवासन14 Sept 1977

4 min read · 12.4K reads

वह मूर्तिकार कहता है
यह मिट्टी माँ की आकृति में ढलेगी
यह पुण्य स्वरूपा है
पवित्र है
क्योंकि वह फूल
जो झर गया था
अपनी डाल से
(देवताओं के निमित्त नहीं हो सकता था अब)
भू पर पड़ा था रौंदा हुआ
वह मिला है इसी मिट्टी में
और
इसी मिट्टी में है
वह सारा पुण्य भी
जो झर गया था
उन संभ्रांतों के देह से
जो आये थे यहाँ
इस वाटिका में
उस झरे धूल धूसरित फूल को
जो पड़ा था यहाँ
रौंदने के लिए
 
उनके माथे से झरा मान
और पैरों तले कुचले फूल के अपमान को
बटोर लेगा
वह कलाकार
और रचेगा रचयिता
उस रचयिता का उत्सव
यह उत्सव ही तो
रीतियाँ ढोने वाले समाज का
पारिश्रमिक होगा.
जया पाठक श्रीनिवासन
About the poet

जया पाठक श्रीनिवासन

View profile & all 44 Poems / Stories