रँगरेज़

इब्बार रब्बीइब्बार रब्बी2 Sept 1941

1 min read · 12.4K reads

मेज़ से सीना सटा

लता कुछ लिख रही है।

सुनहरी बाँह काग़ज़ पर

मन बुन रही है।

मेज़ की नसों में

बिजली तड़क रही है,

धमनियों में ख़ून का सैलाब

उत्साह का आवेग ठाठें मारता है!

रोम-रोम काम कुरेद रहा है

पाए पंख हो रहे हैं

काठ हवा हो रहा है

उसका अंतरिक्ष तार-तार हो रहा है!

भीगी चिंगारियाँ फूट रही हैं।

पानी में अंकुर,

हवा में कुमकुम,

दीवाली के अनार छूट रहे हैं!

मेज़ में गुलाब उगे हैं,

काठ रुइ-रुई हो रहा है।

लता मेज़ की धड़कनें

तेज़ बना रही है!

काठ का रंग-रंग बदल रहा है,

मेज़ हरी हो रही है,

लड़की रँगरेज़ हो रही है।

इब्बार रब्बी
About the poet

इब्बार रब्बी

View profile & all 55 Poems / Stories