युग की नब्ज़ धरो - गोरख पाण्डेय

गोरख पाण्डेयगोरख पाण्डेय

3 min read · 12.4K reads

अफ़रीका, लातिन अमेरिका
उत्पीड़ित हर अंग एशिया
आदमखोरों की निगाह में
खंजर-सी उतरो!

जन-मन के विशाल सागर में
फैल प्रबल झंझा के स्वर में
चरण-चरण विप्लव की गति दो
लय-लय प्रलय करो!

श्रम की भट्ठी में गल-गलकर
जग के मुक्ति-चित्र में ढलकर
बन स्वच्छंद सर्वहारा के
ध्वज के संग लहरो!

शोषण छल-छंदों के गढ़ पर
टूट पडो नफ़रत सुलगाकर
क्रुद्ध अमन के राग, युद्ध के
पन्नों से गुज़रो!

उलटे अर्थ विधान तोड़ दो
शब्दों से बारूद जोड़ दो
अक्षर-अक्षर पंक्ति-पंक्ति को
छापामार करो!
गोरख पाण्डेय
About the poet

गोरख पाण्डेय

View profile & all 48 Poems / Stories