उठो यशोधरा ! तुम्हारा प्यार सो रहा है - गणेश पाण्डेय

गणेश पाण्डेयगणेश पाण्डेय13 Sept 1955

5 min read · 12.4K reads

कैसे जगाऊँगा उसे
जिसे जागना नहीं आता
प्यार से छूकर कहूँगा उठने के लिए
कि चूमकर कहूँगा हौले से

जागो यशोधरा !
देखो कबसे जाग रही है धरा
कबसे चल रही है सखी हवा
एक-एक पत्ती
एक-एक फूल
एक-एक वृक्ष
एक-एक पर्वत
एक-एक सोते को जगा रही है
एक-एक कण को ताजा करती हुई
सुबह का गीत गा रही है

उठो यशोधरा !
तुम्हारा राहुल सो रहा है
तुम्हारा घर सो रहा है
तुम्हारा संसार सो रहा है
तुम्हारा प्यार सो रहा है

कैसे जगाऊँ तुम्हें
तुम्हीं बताओ यशोधरा !
किस गुरु के पास जाऊँ
किस स्त्री से पूछूँ
युगों से
सोती हुई एक स्त्री को जगाने का मंत्र

किससे कहूँ कि देखो
इस यशोधरा को
जो एक मामूली आदमी की बेटी है
और मुझ जैसे
निहायत मामूली आदमी की पत्नी है
फिर भी सो रही है किस तरह
राजसी ठाट से

क्या करूँ
इस यशोधरा का
जिसे
मेरे जैसा एक साधारण आदमी
बहुत चाह कर भी
जगा नहीं पा रहा है
और
कोई दूसरा बुद्ध ला नहीं पा रहा है ।
गणेश पाण्डेय
About the poet

गणेश पाण्डेय

View profile & all 34 Poems / Stories