आई रंग-रंगीली होली रे!
कैसे खेले जनता भोली रे?
हिंसा और आतंक का तांडव,
नित देता गहन मलाल,
यारों सच मानो—
हाथ से उठता नहीं गुलाल,
अश्रुपूरित रुदन करें
या करें ठिठोली रे!
कैसे खेले जनता होली रे?
प्रेम और सौहार्द
सिसकता पड़ा वोट से रौंदा,
झोंपड़ियाँ भी राख हो गई
बरतन बिखरा औंधा,
घर में रखें रंग-राखी
या बम-कट्टे और गोली रे!
कैसे खेले जनता होली रे?
गलियारों में भागी फिरती
लाज बचाती नारी,
शोषित खाए लाठी-डंडा
मेवा अत्याचारी,
जिधर न्याय के लिए निहारो
लुटेरों की टोली रे!
कैसे खेले जनता होली रे?
कल का ग़ुंडा, आज का मंत्री
अफ़सर चोर-उचक्के,
ये सभ्रांत सफ़ेदपोश हैं,
हम ठगे हुए भौंचक्के,
क़िस्सा, कुर्सी, राजलक्ष्मी,
सबकी पोल है खोली रे!
कैसे खेले जनता होली रे?
बिकी लेखनी, बिका ज़मीर
देखो माफ़िया हुए अमीर,
बुद्धि बिक गई, जिस्म बिक गया,
देखो यारों देश बिक गया,
ख़ाली हैं जनता की जेबें,
उनकी भरी है झोली रे!
कैसे खेले जनता होली रे?








