समय और नीरो की बंसी - दीपक मशाल

दीपक मशालदीपक मशाल24 Sept 1980

7 min read · 12.4K reads

समय बिगबैंग का एक उत्पाद
शेष सभी उत्पत्तियों को
जकड़ लिया जिसने अपने बाहुपाश में
जिसकी देखरेख में पनपीं कितनी उत्पत्तियाँ
आकाशगंगाएँ
सूर्य तारे सितारे
ग्रह उपग्रह
सबने समय की अँगुली पकड़
सीखा चलना दौड़ना
धुरी पर घूमना
फेरे लगाना
भभक कर मिट जाना
विखंडित होकर अपने अंश से करना नवसृजन

जन्मे जीवन
संघ उपसंघ
समुदाय उपसमुदाय
पादप-जंतु
जातियाँ, उपजातियाँ उपउपजातियाँ
धर्म और बिरादरियाँ
बोध अकड़ मान सम्मान अपमान के
करते हुए विकास
विकास
जो है उस मुहाने पर बने
विनाश के मकान की गली का नाम

विकास एक खूबसूरत झाँसा
जिसका उच्चतम शिखर उस पहाड़ की चोटी
जिसकी दूसरी तरफ उजाड़ विनाश
जिस तक पहुँचकर फिसलना है एक तयशुदा प्रोटोकॉल
वो समय जो नहीं रुकता किसी स्टेशन पर
चढ़ते-उतरते रहते हैं जिसके गोल चक्के पर जीवन
कच्ची सड़क की गीली मिट्टी की तरह

धागे से दो छोर लिए जीवन
जिसे घिसता रहता है ये समय ओर से छोर तक

समय नहीं संबंधी
फिर भी है संबंधित जान-बेजान से
निर्मम निर्मोही बन नाता तोड़ता है
जैसे तोड़ा डायनासोरित्व को

खिलखिलाओ कि फिलहाल ये समय
पाल-पोस रहा है मनुष्य को

एक दिन या एक रात
समय के ही किसी किनारे पर
हमारे बारे में पूर्वाभास कर विलाप करेगी बंसी
समय ज्वाला की लपटों को दूर से देखते हुए
नीरो की तरह चैन की बंसी बजा रहा होगा
दीपक मशाल
About the poet

दीपक मशाल

View profile & all 42 Poems / Stories