पहाड़-2 - दीनू कश्यप

दीनू कश्यपदीनू कश्यप

2 min read · 12.4K reads

चल रही हैं उस पर
कुल्हाड़ियाँ--
कुदालियाँ निरन्तर

हमलावरों के बर-अक्स
खड़ा होता है
सीने को सख़्त किए
वज्र चट्टान-सा

लेकिन जब
अपना ही कोई हाथ
डाइनामाइट को
लगाता है पलीता
तो मार्मिक हो कराहता है

घायल, बेबस और आसान
होते जाने की पीड़ा से
फूटती हैं धाराएँ
जन्म देती हुई
एक और क्रोधित नाले को।
दीनू कश्यप
About the poet

दीनू कश्यप

View profile & all 12 Poems / Stories