मेघकृपा - चन्द्रकुंवर बर्त्वाल

चन्द्रकुंवर बर्त्वालचन्द्रकुंवर बर्त्वाल20 Sept 1919 – 14 Sept 1947

3 min read · 12.4K reads

जिन पर मेघों के नयन गिरे
वे सबके सब हो गए हरे ।

       पतझड़ का सुन कर करुण रुदन
       जिसने उतार दे दिए वसन
       उस पर निकले किशोर किसलय
       कलियाँ निकली निकला यौवन ।

जिन पर वसंत की पवन चली
वे सबकी सब खिल गईं कली ।

       सह स्वयं ज्येष्ठ की तीव्र तपन
       जिसने अपने छायाश्रित जन
       के लिए बनाई मधुर मही
       लख उसे भरे नभ के लोचन ।

लख जिन्हें गगन के नयन भरे
वे सबके सब हो गए हरे ।
चन्द्रकुंवर बर्त्वाल
About the poet

चन्द्रकुंवर बर्त्वाल

View profile & all 40 Poems / Stories