गमछा - भोला पंडित प्रणयी

भोला पंडित प्रणयीभोला पंडित प्रणयी6 Sept 1936

3 min read · 12.4K reads

अपने परिधान के
सबसे सस्ते वस्त्र
गमछे को
मैं प्रायः अपने गले में
मित्रवत् लपेटकर रखता हूँ

और वह भी
मेरे व्यक्तित्व की शोभा बढ़ाने में
दो कदम आगे ही रहता है,

वह कभी मेरे चश्मे के
मोटे शीशे को पोंछता
तो कभी जाड़े में
कानों को लपेट लेता-
फिर कभी गर्मी में
पसीना पोंछ
पंखा भी झलता है ।

वह कभी शरीर पर पड़ी
धूल झाड़ता
तो कभी लुंगी बन
मेरे गुप्तांगों को ढँक
मेरी लज्जा बचाता ।

उसका एहसानमंद हो
मेरा भी यह प्रयत्न रहता कि मैं भी
उसे अपने माथे की पगड़ी बनाकर रखूँ ।
भोला पंडित प्रणयी
About the poet

भोला पंडित प्रणयी

View profile & all 14 Poems / Stories