साँझ की वेला में, कोमल जुही को गुदगुदाती हुई, धान के
पौधों के चरणों से लगकर बहने वाले नाले के जल को गुदगुदाती हुई, मेरे
चित्त और शरीर के एक-एक अणु को गुदगुदाती हुई,
आती है एक सुखश्री; उसका नाम है, मलय पवन।
“रसोईघर में बिल्ली ने हाँडी लुढ़का दी,” यह कहकर
मेरी पत्नी घर के अंदर चली गई।
संध्या का समय, मैं पिछवाड़े के बाग में अकेला रह गया।
वहाँ पर लगी खाट पर मैं लेट रहा।
(मैं यह सोचता रहा कि)
पास में बैठी, हँसी-मज़ाक़ करती हुई,
मधुर तमिष के रस में सनी प्रेम की बातें करने वाली
(मेरी पत्नी) जो जल्दी से उठकर चली गई, उसे
मेरे पास शीघ्र वापस आ जाना चाहिए।
ऐसे समय में कमरे में आने वाली बिल्ली पर
मुझे असीम क्रोध हो आया। और किसी समय
मोटी ताज़ी सौ बिल्लियाँ एक साथ आकर चीज़ों को
नष्ट करतीं, तो भी मैं चिंता न करता।
इतने में लगा कि वह दबे पाँव पीछे से आकर
मुझसे सटकर लेट गई। मेरे शरीर में गुदगुदी फैली।
प्रतीत हुआ कि उसके गुंथे केश खुलकर बिखर गए।
अनुभव हुआ कि वह अपने कोमल करों से मुझे सहला रही है
और रति केलि कर रही है।
मैं चुपके से आनंद लेता रहा। इतने में ही सामने से कोई
बोली, “बिछुड़ने का मुझे खेद है!” अच्छा!
यह बोलने वाली थी मेरी पत्नी, और दूसरी थी मृदु बयार!








