जागते रहो - भारत भूषण अग्रवाल

भारत भूषण अग्रवालभारत भूषण अग्रवाल3 Sept 1919 – 23 Sept 1975

3 min read · 12.5K reads

डूबता दिन, भीगती-सी शाम
बन्द कर दो काम,
लो विश्राम ।

यह तिमिर की शाल
ओढ़ लो वसुधे ! न सिकुड़े शीत से यह लाल,
जग का बाल ।

वलय की खनकार,
दीप बालो री सुहागिनी ! जग उठे गृह-द्वार
बन्दनवार !

किन्तु साथी ! देख
हम न सोएँगे, हमारा कार्य है अवशिष्ट
अपनी प्रगति का अब भी अधूरा लेख ।
जागरण, फिर जागरण ही है हमारा इष्ट !

लो, क्षितिज के पास --
वह उठा तारा, अरे ! वह लाल तारा, नयन का तारा हमारा
सर्वहारा का सहारा
विजय का विश्वास ।
भारत भूषण अग्रवाल
About the poet

भारत भूषण अग्रवाल

View profile & all 20 Poems / Stories