समुद्र के बारे में

भगवत रावतभगवत रावत13 Sept 1939

1 min read · 12.4K reads

आँख खुली तो

ख़ुद को समुद्र के किनारे पाया

इसके पहले

मैंने उसे पढ़ा था किताबों में

आँखों में फैले

आसमान की तरह

वह फैला था

आकर्षक

अनंत

मैं उसमें कूद पड़ा

ख़ूबसूरत चुनौती के उत्तर-सा

पर वह

जादुई पानी की तरह

सिमटने लगा

देखते-देखते

देखने लगी तल की मिट्टी

दरकते-दरकते

वह मुर्दा चेहरों में

तब्दील हो गई

उन चेहरों में एक चेहरा मेरा था

मैं भागते-भागते

किताबों के पास गया

उनके उत्तर के पृष्ठ

गल कर गिर चुके थे

और स्कूलों में

समुद्र के बारे में

वही पढ़ाया जा रहा था

जो कभी

मैंने पढ़ा था।

भगवत रावत
About the poet

भगवत रावत

View profile & all 56 Poems / Stories