गालियाँ तनख़्वाह ठहरी है - ज़फ़र

बहादुर शाह ज़फ़रबहादुर शाह ज़फ़र24 Sept 1775 – 7 Sept 1862

4 min read · 12.4K reads

गालियाँ तनख़्वाह ठहरी है अगर बट जाएगी
आशिक़ों के घर मिठाई लब-ए-शकर बट जाएगी.

रू-ब-रू गर होगा यूसुफ़ और तू आ जाएगा
उस की जानिब से ज़ुलेख़ा की नज़र बट जाएगी.

रह-ज़नों में नाज़ ओ ग़मज़ा की ये जिंस-ए-दीन-ओ-दिल
जूँ मता-ए-बुर्दा आख़िर हम-दिगर बट जाएगी.

होगा क्या गर बोल उट्ठेगा ग़ैर बातों में मेरी
फिर तबीअत मेरी ऐ बे-दाद गर बट जाएगी.

दौलत-ए-दुन्या नहीं जाने की हरगिज़ तेरे साथ
बाद तेरे सब यहीं ऐ बे-ख़बर बट जाएगी.

कर ले ऐ दिल जान को भी रंज ओ ग़म में तू शरीक
ये जो मेहनत तुझ पे है कुछ कुछ मगर बट जाएगी.

मूँग छाती पे जो दलते हैं किसी की देखना
जूतियों में दाल उन की ऐ ‘ज़फ़र’ बट जाएगी.
बहादुर शाह ज़फ़र
About the poet

बहादुर शाह ज़फ़र

View profile & all 111 Poems / Stories