जो खींच रहे माल उन्हीं का वसंत है - अशोक अंजुम

Ashok Anjumअशोक अंजुम15 Dec 1966

4 min read · 12.4K reads

जो खींच रहे माल उन्हीं का वसंत है
मोटी है जिनकी खाल उन्हीं का वसंत है।

सारी व्यवस्था जिनके आगे पूंछ हिलाए,
किसकी मजाल उसको कोई आंख दिखाए,
टेढ़ी है जिनकी चाल उन्हीं का वसंत है।

जो उल्टे-सीधे तल्ख सवालों से दोस्तो,
हां, आयकर की टीम के जालों से दोस्तो,
बच जाएं बाल-बाल उन्हीं का वसंत है।

न सींक भी कभी यहां सरकाई जिन्होंने,
कोई बहादुरी भी नहीं दिखलाई जिन्होंने,
लेकिन बजाएं गाल उन्हीं का वसंत है।

जब काम हो तो गदहे को भी बाप बनाएं,
मतलब के लिए उल्लुओं को शीश झुकाएं,
पर दें बड़ी मिसाल उन्हीं का वसंत है।

अब किससे कहें हाल अजी चुप रहें मियां,
लाचार किसी ताल की वोटर हैं मछलियां,
फैला रहे जो जाल उन्हीं का वसंत है!

जो खींच रहे माल उन्हीं का वसंत है
मोटी है जिनकी खाल उन्हीं का वसंत है।
Ashok Anjum
About the poet

Ashok Anjum अशोक अंजुम

जन्मदिन-15 दिसम्बर 1966 (वास्तविक) , 25 सितम्बर 1966 (अभिलेख में) पिताजी का नाम-श्री जगदीश प्रसाद शर्मा / माताजी का नाम-श्रीमती रामवती शर्मा पत्नी-श्रीमती भारती शर्मा / पुत्र-अमन शर्मा-पुत्री-देवांशी शर्मा शिक्षा-बी.एससी., एम.ए. (अर्थशास्त्र, हिन्दी) , बी.एड।…

View profile & all 30 Poems / Stories