जो देखा नहीं जाता - असद ज़ैदी

Asad Jadiअसद ज़ैदी31 Aug 1954

3 min read · 12.4K reads

हैबत के ऐसे दौर से गुज़र है कि
रोज़ अख़बार मैं उलटी तरफ़ से शुरू करता हूं
जैसे यह हिन्दी का नहीं उर्दू का अख़बार हो

खेल समाचारों और वर्ग पहेलियों के पर्दों से
झांकते और जज़्ब हो जाते हैं
बुरे अन्देशे

व्यापार और फ़ैशन के पृष्ठों पर डोलती दिखती है
ख़तरे की झांईं

इसी तरह बढ़ता हुआ खोलता हूं
बीच के सफ़े, सम्पादकीय पृष्ठ
देखूं वो लोग क्या चाहते हैं

पलटता हूं एक और सफ़ा
प्रादेशिक समाचारों से भांप लेता हूं
राष्ट्रीय समाचार

ग़र्ज़ ये कि शाम हो जाती है बाज़ औक़ात
अख़बार का पहला पन्ना देखे बिना.
Asad Jadi
About the poet

Asad Jadi असद ज़ैदी

असद ज़ैदी कुछ प्रमुख कृतियाँ बहनें और अन्य कविताएँ, कविता का जीवन, सामान की तलाश

View profile & all 47 Poems / Stories