उत्सव

अरुण कमलअरुण कमल15 Sept 1954

1 min read · 12.4K reads

देखो हत्यारों को मिलता राजपाट सम्मान

जिनके मुँह में कौर मांस का उनको मगही पान

प्राइवेट बंदूक़ों में अब है सरकारी गोली

गली-गली फगुआ गाती है हत्यारों की टोली

देखो घेरा बाँध खड़े हैं ज़मींदार के गुंडे

उनके कंधे हाथ धरे नेता बनिया मुँछमुंडे

गाँव-गाँव दौड़ाते घोड़े उड़ा रहे हैं धूर

नक्सल कह-कह काटे जाते संग्रामी मज़दूर

दिन दोपहर चलती है गोली रात कहीं पर धावा

धधक रहा है प्रांत समूचा ज्यों कुम्हार का आवा

हत्या-हत्या केवल हत्या-हत्या का ही राज

अघा गए जो मांस चबाते फेंके रहे हैं गाज

प्रजातंत्र का महामहोत्सव छप्पन विध पकवान

जिनके मुँह में कौर मांस का उनको मगही पान।

अरुण कमल
About the poet

अरुण कमल

View profile & all 83 Poems / Stories