भागती स्तब्धता घनीभूत हो रही है
विश्व का अंतिम लैम्पपोस्ट जब नष्ट हो जाएगा
तभी उग पाएँगे इथियोपिया के आकाश में इतिहास से पहले के नक्षत्र!
हृदयवेदना के साथ अभी जिस तरह समझौता करता चल रहा हूँ
जिस तरह ख़ून जलाकर धार चढ़ा रहा हूँ दोनों हथियार के दाँतों पर—
इसके बाद रात के विष-कक्ष में दावत खाने के पश्चात
शंकाओं की बत्तियाँ बुझा दूँगा।
जीवन हमें प्रेम में नहलाता है कम से कम एक बार—
जिस पाठ को पढ़ने का उत्साह अब नहीं रह गया है उसके उल्टे पृष्ठ पर
चाँद भी थोड़ा हिलना-डुलना चाहता है—
फिर भी अंतिम प्रहर में कौन-सा हिसाब सही माना जाएगा सोच रहा हूँ।








