माएँ - अनुपम सिंह

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

4 min read · 12.4K reads

पिताओं के
मर जाने के बाद
माँओं की शामें
लम्बी और उदास हो जाती हैं

उनके पास बचती है
सिर्फ़ एक गठरी
जिसमेँ समय-समय के
संघर्षों का हिसाब होता है
उसी गठरी मेँ एक छोटी पोटली रहती है
जिसमें पिताओं द्वारा
मारे गए थप्पड़ों का भी
बचा हुआ हिस्सा रखा रहता है सहेज कर
थोड़ा सासुओं के अत्याचार
और ननद की ईर्ष्या होती है
जेठानियों के गहनों का नाम भी रहता है कोने मेँ

माँयेँ बताती हैं कि
अपनी चारों अँगूठियाँ
अपनी ननदों को बेटे की छटठी मेँ
काजर लगाने पर दे दिया था
शाम को जब माँयेँ कभी अकेले मेँ भी
वह गठरी खोलतीं हैं
तो सबसे पहले अपनी नसीब को कोसते
कोंख को धिक्कारते हुए
पिताओं को खूब गलियाँ देतीं हैं
अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories