जलदस्यु

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

एक दूसरे के साथ तैराकी के लिए हम उतर गए थे

खारे से खारे जल में

हमें जल का अवगाहन प्रिय था जलदस्यु

हमने डुबो दीं अपनी-अपनी नौकाएँ

फेंक दिए चप्पू अपने

हमने एक दूसरे की पीठ पर तैराकी सीखी

जल-बिंदु, स्वेद-बिंदु, और देह का वह अमर कण

हमने सभी को प्रणम्य मानकर

एक दूसरे को अधिक कामार्त किया

वे सभी बूँदें और तुम्हारा प्रेम जलदस्यु

मेरे ललाट पर चमक रहा है

जल-सी शीतल किरण फूट रही है मेरे आँखों से

और तृप्ति से प्रफुल्लित मेरी यह देह देखो!

एक दूसरे का जल चुराते और चखते हुए

हमने जल के बीज बोए

अब उस जल के अँखुए उगे हैं

देखों तो कैसे-कैसे तरंगित हो रहे हैं

जल की इस सम्मिलित धारा में

न अहम् था न इदम्

फिर भी था जल का अलग-अलग स्वाद

दूर तक के इस उत्ताल तरंग में

हमारा ही तो जल है जलदस्यु

वही एक जल!

एक ही आग थी जो हमें ले आई थी जल तक

एक ही मिट्टी जो मेड़ों को तोड़

मिल रही है जल में

हे जलदस्यु!

इस जल की क़ीमत हम अदा करेंगे।

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories