इच्छा

अनुपम सिंहअनुपम सिंह1 Sept 1986

1 min read · 12.4K reads

सफ़ेद और स्याह दिनों में भी

खिलते हैं इच्छाओं के लाल फूल!

मेरे कवि की हज़ार कल्पनाओं के बाद भी

मेरी स्त्री की कुछ ठोस इच्छाएँ हैं

नित आकाश में विचरण के बाद भी

उसे चाहिए ज़मीन पर एक कच्चा घर

मछलियों-सी बेबाक़ तैराकी के बाद भी

तपती रेत पर चलने का रोमांचक क्षण

अपनी ख़ाली रह गई रात को

किसी राहगीर से माँगकर भरने का

सुख चाहिए

बिल्ली अपने बच्चे को जिस सावधानी से मुँह में दबाए रखती है

उसे देख जुड़वा बच्चों की माँ बनना चाहती है मेरी स्त्री

बस! कोई न पूछे बच्चे के पिता का नाम

अनुपम सिंह
About the poet

अनुपम सिंह

View profile & all 46 Poems / Stories