मैं अहिल्या नहीं बनूंगी - अंजू शर्मा

Anju Sharmaअंजू शर्मा26 Dec 1970

5 min read · 12.4K reads

हाँ मेरा मन
आकर्षित है
उस दृष्टि के लिए,
जो उत्पन्न करती है
मेरे मन में
एक लुभावना कम्पन,

किन्तु
शापित नहीं होना है मुझे,
क्योंकि मैं नकारती हूँ
उस विवशता को
जहाँ सदियाँ गुजर जाती हैं
एक राम की प्रतीक्षा में,

इस बार मुझे सीखना है
फर्क
इन्द्र और गौतम की दृष्टि का
वाकिफ हूँ मैं शाप के दंश से
पाषाण से स्त्री बनने
की पीड़ा से,
लहू-लुहान हुए अस्तित्व को
सतर करने की प्रक्रिया से,

किसी दृष्टि में
सदानीरा सा बहता रस प्लावन
अदृश्य अनकहा नहीं है
मेरे लिए,
और मन जो भाग रहा है
बेलगाम घोड़े सा,
निहारता है उस
मृग मरीचिका को,
उसे थामती हूँ मैं

किसी हठी बालक सा
मांगता है चंद्रखिलौना,
क्यों नहीं मानता
कि आज किसी शाप की कामना
नहीं है मुझे
कामनाओं के पैराहन के
कोने को
गांठ लगा ली है
समझदारी की
जगा लिया है अपनी चेतना को
हाँ ये तय है
मैं अहिल्या नहीं बनूंगी!
Anju Sharma
About the poet

Anju Sharma अंजू शर्मा

मूलतः दिल्ली की निवासी और दिल्ली विश्वविद्यालय से कॉमर्स ग्रेजुएट कवितायेँ और लेख जनसंदेश टाईम्स, नयी दुनिया, यकीन, शोध दिशा, सरिता आदि पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाश्कित होते रहे हैं! मैं विभिन्न इ-पत्रिकाओं से भी जुडी हुई हूँ और kharinews .com , hastakshep .com…

View profile & all 24 Poems / Stories