मेरे शब्द

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

मैं पृथ्वी को वे शब्द सौंपती हूँ जो अभी गर्भ में हैं

जो अंतरालों और कोनों में छिपे हैं

और किसी अतिरेक में फड़फड़ाहट की तरह

होंठों पर फिसलते हैं

बिना किसी वर्णमाला के

एक स्फुट स्पंदन की तरह

प्रेम, दुःख और उदासी के वे शब्द

जिन्हें हम कोई कपड़े नहीं पहना पाए

मीठे फ़सल से शब्द

कराहते दर्द से शब्द

ज़हरीले उदासी से शब्द

मैं सौंपती हूँ ये शब्द

इस महान सदी के महानायकों, अधिनायकों

और इंसानियत को शर्मसार करने वाले धनपतियों को

ताकि वे इनसे अपना क़िला तैयार कर सकें

जिसमें मनुष्य के प्रवेश की कोई जगह न हो

क़ब्रगाह पर बैठे परिंदे की तरह

जिसे घायल न कर सके कोई उड़ता हुआ तीर

मैं सौंपती हूँ ये शब्द अपने किसान भाइयों को

उन मेहनती शिक्षकों को जो अभी भी

मिट्टी के भीतर से प्राण खोद लाते हैं

और उसे बिखेर देते हैं

पराग कणों की तरह

समूची मानवता पर

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like