सब कुछ देख लेने से रहस्य ख़त्म हो जाता है
और सब कुछ दिखाया नहीं जा सकता
इसलिए मंच के पास होता है नेपथ्य
आवाज़ें फैलती हैं दर्शक दीर्घा में
दृश्य थम जाता है
कोई क्रूरता प्यार या चमक
वहाँ पूरे नहीं अँटते
उनकी आत्माएँ तैरती रहती हैं आस-पास
दर्शक अपने आँसू और पश्चात्ताप गिराकर
उन्हें थामने की कोशिश करते हैं
पूरा दिखाने की बाबत
सपने पकड़ में नहीं आते
इच्छाओं की पहचान नहीं हो पाती
हम दृश्य में रुके रहते हैं
मंच आगे चला जाता है








