मैंने देखा है

अनीता वर्माअनीता वर्मा25 Sept 1959

1 min read · 12.4K reads

मैंने देखा है अपने देश का चेहरा

सुंदर, बिखरा, बेतरतीब

सरसों के पीले फूलों से दूर

खिले हुए लाल पलाश के फूल

सोनाझूरी के जंगल

शांतिनिकेतन के पौष मेले में

बाउल गीत गाते हुए छोटे बच्चे को देखा है

देखे हैं प्यार करते हुए लोग

चट्टानों पर एक-दूसरे के कंधे पर सिर टिकाए

प्रेमियों के जोड़े

मंदिरों में हाथ जोड़े बुदबुदाते लोग

चर्च और मस्जिदों में इबादत में झुके हुए सिर

देखे हैं किसानों की आँखों के गड्ढे

परती पड़ी ज़मीन और क़र्ज़ का कारोबार

उनकी आत्महत्या की कई कहानियाँ जाती हैं

भूख से हुई मौत के भी कई सच हैं

देखी है लोगों के बीच की बढ़ती हुई दूरी

घृणा की पताका उठाए दहशत फैलाते चेहरे

जिनके पैरों की छाप से रक्तरंजित है हमारी धरती

अधिनायकों की हवस और ताक़तवरों की वहशत को देखा है

एक बूँद आँसू किसी आँख से ढलकता है

उसी में झिलमिलाता है हमारे सपनों का मुकम्मल चेहरा

अनीता वर्मा
About the poet

अनीता वर्मा

View profile & all 44 Poems / Stories

More Poetry & Stories You May Like