मेरा एक मैं
रहता है इस दुनिया में
लड़ता हुआ पराजित धूल झाड़ता
सुबह साहस के साथ बिस्तर की तरह
दिन समेटने को तैयार
शाम ठंडे सूरज-सा निस्तेज
रात के भीतर खोजता अपनी कठिन यात्रा के पड़ाव
ठीक इसी के पीछे खड़ा है वह
जो सबसे अच्छा अभिनेता है
जो नदियों को पीता है पहाड़ों को गुम करता है
पेड़ों से चुरा लेता है उनकी फुसफुसाहट
जो जेब में भर लेता है हमारी ख़ुशी
और पीसता चबाता रहता है समय को
जिसका मनुष्यहीन इस समय से है गुपचुप समझौता
जो बहस नहीं करता दलीलें नहीं देता करता नहीं विरोध
डरपोक शातिर और कातर
जिसने दुनिया को किया नहीं ख़ारिज
काटे नहीं इसके पैसे वाले पैर
जो हवा में झपटती चील की तरह काले हैं
वह जो पीछे खड़ा है
उसे किसी का इंतज़ार नहीं
उसी के पीछे खड़ी हूँ मैं
और मेरे पीछे फिर खड़ा है वह








