फूलों से भरी डाल

आलोकधन्वाआलोकधन्वा2 Sept 1948

1 min read · 12.4K reads

दुनिया से मेरे जाने की बात

सामने आ रही है

ठंडी सादगी से

यह सब इसलिए

कि शरीर मेरा थोड़ा हिल गया है

मैं तैयार तो क़तई नहीं हूँ

अभी मेरी उम्र ही क्या है!

इस उम्र में तो लोग

घोड़ों की सवारी सीखते हैं

तैर कर नदी पार करते हैं

पानी से भरा मशक

खींच लेते हैं कुएँ से बाहर!

इस उम्र में तो लोग

किसी नेक और कोमल स्त्री के

पीछे-पीछे रुसवाई उठाते हैं

फूलों से भरी डाल

झकझोर डालते हैं

उसके ऊपर!

आलोकधन्वा
About the poet

आलोकधन्वा

View profile & all 92 Poems / Stories