हम दोनों - अलका सिन्हा

अलका सिन्हाअलका सिन्हा9 Sept 1964

4 min read · 12.3K reads

हम दोनों ही
जिन्दगी के संघर्ष में
जूझते रहे
पूरी निष्ठा के साथ

तुमने भी फतह कर डाले
कितने ही किले
मैंने भी हासिल कीं
कितनी ही उपलब्धियां
फिर भी एक बुनियादी फर्क
बना रहा हम दोनों के बीच

तुम्हें अच्छी लगती है
अखबार खोल कर
चाय की चुस्कियों के साथ
राजनीति और राजनेता पर
धुआंधार बहस...

बहस तो मैं भी कर सकती हूं
बहुत अच्छी
मगर नहीं करती
क्योंकि इस सारे संघर्ष के बीच भी
मैं चिंतित रही हूं
बच्चों की पढ़ाई और इम्तहान को लेकर
बढ़ते बच्चों की सोहबत और टी.वी. प्रोग्राम में
उनकी बढ़ती दिलचस्पी को लेकर

सोचती हूं
क्यों न हम थोड़ा-थोड़ा-सा बदल जाएं
बांट लें एक दूसरे को
वैसे भी प्रिय
एक रथ के ही हम पहिये हैं दो
आओ मिल कर साथ चलें!
अलका सिन्हा
About the poet

अलका सिन्हा

View profile & all 17 Poems / Stories